बिहार : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में पूरी तरह सक्रिय हैं। शनिवार को बेगूसराय पहुंचे राहुल गांधी ने कुछ ऐसा किया, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जनसभा के बाद राहुल गांधी अचानक एक तालाब में मछली पकड़ने पहुंच गए। उनके साथ पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी मौजूद रहे।
Highlights:
तालाब में नाव से पकड़ी मछली
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी जनसभा खत्म करने के बाद भर्रा गांव के पास एक तालाब पर पहुंचे। वहां उन्होंने नाव में बैठकर जाल डाला और मछली पकड़ने की कोशिश की। उनके साथ बेगूसराय की कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण भी नाव पर मौजूद थीं। तालाब में नाव चलाने के बाद राहुल गांधी ने पानी में उतरकर जाल से मछली पकड़ी और फिर उसे वापस तालाब में छोड़ दिया। यह पूरा नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे, जो “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे।

प्रचार में दिखा अलग अंदाज
राहुल गांधी का यह अनोखा अंदाज अब चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ दिन पहले वे ट्रक पर सवार होकर ड्राइवर के साथ सफर करते नजर आए थे, और अब मछली पकड़ने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी जनता से सीधे जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं और उनका यह कदम किसानों व मछुआरों के जीवन से जुड़ाव का प्रतीक है।
बेगूसराय में जनसभा में पीएम मोदी पर हमला
तालाब से लौटने के बाद राहुल गांधी ने बेगूसराय की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “56 इंच की छाती वाला डरपोक है। वह न सिर्फ ट्रम्प से डरता है, बल्कि अंबानी और अदानी से भी डरता है।”
Also Read : दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में 80 से अधिक गिरफ्तार, जन सुराज उम्मीदवार की भी होगी गिरफ्तारी: डीजीपी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि महात्मा गांधी की छाती 56 इंच की नहीं थी, लेकिन वे किसी से नहीं डरते थे। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अगर आप मोदी जी से कहें कि योग के दो आसन कर लीजिए तो वह कर लेंगे, और अगर कहें कि डांस करिए तो डांस भी करने लगेंगे।”

कांग्रेस नेताओं के साथ दिखी एकजुटता
इस दौरान मंच पर राहुल गांधी के साथ मुकेश सहनी, कन्हैया कुमार और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। राहुल ने जनता से अपील की कि वे इस बार झूठ और डर की राजनीति को हराकर बिहार में एक नयी शुरुआत करें।


