झारखंड : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में चार दिनों का महापर्व छठ पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया. हालांकि इस दौरान ही कई छठ घाटों पर हादसे भी हुए, जिसमें बच्चा समेत लगभग आधे दर्जन लोगों की मौत हो गई. राजधानी रांची में मंगलवार सुबह प्रातःकालीन अर्घ्य देने के समय न्यू मधुकम स्थित छठ तालाब में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह बच्चा तालाब में नहा रहा था. इस दौरान ही वह गहरे पानी में चला गया. स्थानीय गोताखोरों व एनडीआरएफ टीम के जरिए उसकी तलाश की जा रही है. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सी.पी. सिंह भी मौके पर पहुंचे.
Highlights:

सरायकेला में तीन डूबे
सरायकेला जिले के शहरबेड़ा छठ घाट पर छठ पूजा के दौरान सोमवार शाम को संध्या अर्घ्य के समय तीन लोग डूब गये. डूबने वालों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन यादव, 45 वर्षीय संजय सिंह और 19 वर्षीय प्रतीक कुमार के रूप में हुई.
घटना की जानकारी मिलते ही आनन फानन में मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने 14 वर्षीय आर्यन यादव का शव देर शाम बरामद कर लिया तो वहीं 45 वर्षीय संजय सिंह का शव मंगलवार सुबह बरामद हुआ. हालांकि तीसरे युवक 19 वर्षीय प्रतीक कुमार की तलाश अब भी जारी है.
बताया जा रहा है कि आर्यन नहाते समय गहरे पानी में चला गया था उसे बचाने की कोशिश में संजय और प्रतीक भी तेज धारा में बह गए. घटना की जानकारी मिलते ही डीसी नीतीश कुमार सिंह सोमवार शाम मौके पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई वह पहले से डेंजर ज़ोन घोषित था, फिर भी श्रद्धालु वहां पहुंच गए और यह घटना घट गई.

गिरिडीह में दो बच्चे डूबे
महापर्व छठ के दौरन गिरिडीह में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई. पहली घटना बिरनी के भरकट्टा ओपी के बाराडीह मे हुई, जहाँ बराकर नदी मे डूबने से सात साल के दीपक तुरी की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम बाराडीह गांव निवासी दीपक तुरी अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जब यह घटना घट गई. घटना की जानकारी मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन सिंह मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश कराई लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका.
इधर मंगलवार सुबह अर्ध्य के दौरान पचम्बा थाना इलाके के लौहपिट्टी के लछो तालाब में डूबने से 12 साल के आयुष साहू की मौत हो गई. मृतक आयुष जमुआ के मिर्जागंज के धूमड़ी साहू का बेटा था और अपने नाना के घर छठ मे शामिल होने लौहपिट्टी आया था. बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह अर्ध्य देने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया. आनन फानन में मौके पर मौजूद लोग उसे तालाब से निकाल सदर अस्पताल ले गये, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


