हरियाणा : हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यहां छापेमारी कर एक डॉक्टर के किराए के कमरे से करीब 300 किलो RDX, AK-56 राइफल, दो पिस्टल और सैकड़ों कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी डॉक्टर आदिल अहमद, जिसे 7 नवंबर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था, उन्होंने पूछताछ में विस्फोटक छिपाने की बात कबूल की। अब जांच एजेंसियां इस मामले की कड़ी चार राज्यों- जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात से जोड़कर जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से की। कमरे से कुल 14 बैग बरामद हुए हैं, जिनमें विस्फोटक और हथियार रखे गए थे।
Highlights:
आरोपी डॉक्टर कौन है?
पुलिस के अनुसार आरोपी डॉक्टर का नाम आदिल अहमद है, जो मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। आदिल पहले GMC अनंतनाग में डॉक्टर था, लेकिन 2024 में उसने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रैक्टिस करने लगा। पुलिस ने आदिल को 7 नवंबर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने फरीदाबाद में किराए पर कमरा लिया था, जहां उसने विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी।
फरीदाबाद में कैसे हुआ खुलासा?
जांच में पता चला कि आदिल ने तीन महीने पहले फरीदाबाद में एक कमरा किराए पर लिया था। वह वहां रहता नहीं था, बल्कि केवल सामान रखने के लिए उस कमरे का इस्तेमाल करता था। जब पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कमरे की तलाशी ली, तो वहां से बड़ी मात्रा में RDX और हथियार बरामद हुए। तलाशी के दौरान 10 से 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद थीं।
चार राज्यों में जांच जारी
इस पूरे मामले की कड़ी जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात से जुड़ती दिखाई दे रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक भारत के अलग-अलग हिस्सों में कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
Also Read : Aaj Ka Rashifal 10 नवंबर 2025 : गुरु बना रहे राजयोग, मेष, वृषभ और तुला राशि वालों के लिए दिन रहेगा शुभ
पुलिस की कार्रवाई जारी
डॉ. आदिल अहमद से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ है या नहीं। फिलहाल फरीदाबाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।


