मुंबई: टीवी और फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री नवनींद्र बहल का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। टीवी सीरियल इश्कबाज में दादी के किरदार से पहचान बनाने वाली नवनींद्र बहल के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उनके बेटे और फिल्ममेकर कनु बहल ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
Highlights:
बेटे कानू बहल ने दी भावुक श्रद्धांजलि
अभिनेत्री के बेटे कनु बहल ने सोशल मीडिया पर अपनी मां की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “मेरी टाइटन, मेरा विश्वास, मेरा प्यार, मेरी मार्गदर्शक, मेरी गुरु और मेरा दिल… अलविदा मां। जब तक तुम मुझे दोबारा जन्म न दो।” उन्होंने आगे लिखा कि उनकी आंखें हमेशा मां की मुस्कान और प्यारी हंसी को याद करेंगी। इस पोस्ट के सामने आने के बाद फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने दुख व्यक्त किया। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप समेत कई लोगों ने शोक संदेश भेजकर परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इश्कबाज से मिली खास पहचान
नवनींद्र बहल को टीवी दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा पहचान स्टार प्लस के लोकप्रिय सीरियल इश्कबाज से मिली। इस शो में उन्होंने परिवार की बुजुर्ग और सशक्त दादी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी सहज और प्रभावशाली अदाकारी ने इस किरदार को खास बना दिया था। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।
थिएटर से शुरू हुआ अभिनय का सफर
नवनींद्र बहल का कला और थिएटर से गहरा संबंध रहा। उन्होंने महज तीन साल की उम्र में पहली बार मंच पर प्रस्तुति दी थी। पंजाब से ताल्लुक रखने वाली नवनींद्र ने लंबे समय तक थिएटर की दुनिया में काम किया और बाद में फिल्मों तथा टेलीविजन में कदम रखा। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए और अपने सधे हुए अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। नवनींद्र बहल अपनी सादगी, अनुशासन और गहरे अभिनय के लिए जानी जाती थीं। छोटे लेकिन प्रभावशाली किरदारों में भी वे अपनी अलग पहचान बना लेती थीं। यही वजह रही कि थिएटर, टीवी और फिल्मों में उन्हें सम्मान और पहचान मिली।



