सरायकेला-खरसावां : चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है।
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: उडुपी रेस्टोरेंट गोलीबारी कांड में बड़ा अपडेट, मुख्य शूटर अजित मंडल समेत तीन गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेकपोस्ट के समीप जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सपन गोप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।


