रांची : राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. शब-ए-बारात की सरकारी छुट्टी होने के बावजूद आज नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी रहेगी. राजधानी रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय के ए-ब्लॉक के बाहर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों का हुजूम के पहुंचने की संभावना है. आज नामांकन के अंतिम दिन मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार रौशनी खलको नामांकन दाखिल करेंगी तो वहीं बड़ी संख्या में वार्ड पार्षदों के लिए भी उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
Highlights:
रांची नगर निगम के लिए नामांकन
इससे पहले मंगलवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने पहुंचे. जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार को महापौर यानी मेयर पद के लिए 10 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किये। नामांकन दाखिल करने वालों में पूर्व मेयर व कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुण्डा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुण्डा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो एवं प्रवीण कच्छप शामिल हैं। वहीं सभी 53 वार्ड के लिए कुल 197 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, इनमें 118 महिलाएं हैं।
सभी 48 नगर निकायों में नामांकन
इधर पूरे झारखंड में मंगलवार तक कुल 4604 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं. नगर निगम, नगर पर्षद व नगर पंचायत में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को 270 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिनमें 113 महिलाएं शामिल हैं. अब तक मेयर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 399 नामांकन हो चुके हैं, जिनमें 169 महिलाएं हैं.
वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए अब तक 3992 नामांकन हुआ है. इनमें 2058 महिलाएं हैं. मंगलवार को पार्षद पद के लिए 2690 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा, जिनमें 1375 महिलाएं रही. नामांकन की प्रक्रिया चार फरवरी को खत्म होने के बाद पांच फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 6 फरवरी तक नाम वापसी हो सकेगा। जबकि 7 फरवरी को सभी उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम किए हैं।


