खेल डेस्क: आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की एक फ्रेंचाइज़ी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने घोषणा की है कि गेंदबाज़ अमित मिश्रा उनकी टीम के स्पिन बॉलिंग कोच होंगे. 43 साल के इस गेंदबाज़ ने 2025 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था.
इसे भी पढ़ें : POCO X8s के फीचर्स की चर्चा तेज, जानें भारत में कब होगा लॉन्च
इस घोषणा के साथ पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए हैं. अमित मिश्रा ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल के कई सीज़न खेले हैं. उन्होंने आईपीएल में कुल चार टीमों के साथ 162 मैच खेले और 174 विकेट लिए. वह 103 मैचों में 110 विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं.
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक आईपीएल का एक भी टाइटल नहीं जीता है, पिछले सीज़न में वह छठे नंबर पर रही. अमित मिश्रा का एक वीडियो दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया है, जिसमें अमित मिश्रा कह रहे हैं, “हम दिल्ली वालों को वह ख़ुशख़बरी देने की कोशिश करेंगे जिसका इंतज़ार वे लंबे समय से कर रहे हैं.”

