खेल : भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के लंबे दौरे पर रवाना होने वाली है। इस दौरे में टीम इंडिया 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेलेगी। सबसे बड़ी खबर यह है कि वनडे टीम की कप्तानी अब रोहित शर्मा से छीनकर युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को दे दी गई है। गिल पहले से ही भारत की टेस्ट टीम के कप्तान हैं और अब वनडे की भी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। वहीं, टी-20 टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी।
19 अक्टूबर से शुरू होगा वनडे सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे 19 अक्टूबर को पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा 25 अक्टूबर को सिडनी में होगा। तीन मैचों की यह सीरीज भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए अहम मानी जा रही है क्योंकि आने वाले महीनों में बड़े टूर्नामेंट होने वाले हैं।
टी-20 सीरीज भी होगी रोमांचक
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेंगी। पहला टी-20 मुकाबला 29 अक्टूबर को कैनबरा में होगा। दूसरा मैच 31 अक्टूबर को मेलबर्न के MCG में, तीसरा 2 नवंबर को होबार्ट में, चौथा 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में और आखिरी मैच 8 नवंबर को गाबा, ब्रिस्बेन में खेला जाएगा।
भारतीय टीम की घोषणा
वनडे टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी शामिल किया गया है, जो 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने आखिरी वनडे इसी साल 9 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था। रोहित और कोहली अब टी-20 और टेस्ट फॉर्मेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में वनडे में उनकी वापसी टीम के लिए अहम होगी।
वनडे टीम इस प्रकार है:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल।
टी-20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। टीम में कई युवा चेहरों को मौका दिया गया है।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।
बुमराह को वनडे से आराम, हार्दिक और पंत बाहर
इस दौरे में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया गया है, लेकिन उन्हें टी-20 टीम में शामिल किया गया है। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट की वजह से इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे।
गिल का कप्तानी अनुभव
शुभमन गिल के पास वनडे इंटरनेशनल में कप्तानी का अनुभव नहीं है। हालांकि, लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 6 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से 5 में उनकी टीम को जीत मिली है। अब गिल को पहली बार भारत की वनडे टीम की कप्तानी करने का मौका मिलेगा। गिल ने अब तक 55 वनडे खेले हैं, जिनमें 2775 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.04 और स्ट्राइक रेट 99.56 का है।
नज़रें रहेंगी गिल पर
इस दौरे में सबसे ज्यादा नज़रें गिल पर रहेंगी क्योंकि यह पहला मौका होगा जब वे भारत की वनडे टीम को लीड करेंगे। रोहित और विराट का अनुभव टीम को मजबूती देगा, जबकि सूर्यकुमार की आक्रामक कप्तानी टी-20 सीरीज को और रोमांचक बना सकती है। नतीजा यह है कि भारत का यह ऑस्ट्रेलिया दौरा बेहद खास रहने वाला है, जहां युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संगम देखने को मिलेगा।


