धनबाद : शहर के प्रसिद्ध पम्पू तालाब में भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व धनबाद विधायक राज सिन्हा ने किया। इस दौरान नगर मंडल अध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता सुबह से ही तालाब की सफाई में जुटे रहे।

विधायक राज सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पम्पू तालाब की सफाई की गई है।
उन्होंने कहा कि पम्पू तालाब एक बड़ा छठ तालाब है, जहां छठ पूजा के दौरान करीब 10 से 20 हजार लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। तालाब की खराब स्थिति को देखते हुए सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
राज सिन्हा ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है और राष्ट्र प्रथम की नीति के साथ सेवा ही संकल्प है। उन्होंने लोगों और खासकर युवाओं से अपील की कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।अभियान के दौरान नगर निगम की ओर से ट्रैक्टर और जेसीबी भी मंगाई गई, जिसके जरिए तालाब परिसर से कचरा हटाने का काम किया गया।


