रांची: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में एक 25 वर्षीय विवाहित युवती का शव मिलने से इलाके में हरकंप मच गया. शव को सड़क के किनारे से बरामद किया गया. छानबिन से पता चला मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली है और अरगोड़ा में अपने पति के साथ रह रही थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सपरिवार दिउड़ी मंदिर में टेका माथा, कहा: झारखंड के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे
शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. जांच के दौरान यह भी पता चला कि युवती दो दिनों से घर से लापता थी.
अरगोड़ा थाना में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. युवती के पति ने पुलिस को बताया था कि अपने काम के सिलसिले में उसकी पत्नी 19 जून की रात घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी. घर परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई, फिर पुलिस-प्रशासन ने खोजबीन शुरू की.
सड़क किनारे बरामद हुआ शव, जांच में जुटी FSL टीम
रविवार को तुपुदाना क्षेत्र में सड़क किनारे विवाहित युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को दि गई जिसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने उस घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से जांच कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारण और वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है.
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी और घटनास्थल तक पहुंची कैसे. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती के साथ कोई अप्रिय घटना हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को परत-दर-परत ध्यान में जांच कर रही है.
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टिकोण से हत्या का प्रतीत हो रहा है. युवती की पहचान कर ली गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और मामले की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी.




