रांची: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने आज विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। घेराव से पहले बड़ी संख्या में छात्र पुरानी विधानसभा के सामने एकजुट होने लगे हैं। छात्रों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां जुटने के बाद छात्र एकजुट होकर विधानसभा की ओर कूच करेंगे। विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
इसे भी पढ़ें : ED ने JPSC परीक्षा धांधली मामले में दर्ज की ECIR, कथित आर्थिक लेन-देन और मनी ट्रेल की संभावना
इधर छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि पुलिस प्रशासन जहां भी उन्हें रोकेगा, वे वहीं बैठकर प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “हमारा आंदोलन सांकेतिक है और पूरे झारखंड के लोगों को आज के विधानसभा मार्च और घेराव की जानकारी है. रविंद्र पासवान ने कहा कि प्रदर्शन के ज़रिए सरकार को यह संदेश देना है कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर एकजुट और दृढ़ हैं.
उन्होंने चेतावनी दी, “अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन हो सकता है.” उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परीक्षाओं को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए हैं, उनमें अनियमितताएं सामने आई हैं. उन्होंने विशेष रूप से सीजीएल परीक्षा का ज़िक्र करते हुए इसमें बड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाया.
इससे पहले एडीजी (मुख्यालय) मनोज कौशिक ने अभ्यर्थियों से शांतिपूर्वक मार्च निकालने की अपील की थी. साथ ही उन्होंने कहा, “छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा मार्च के दौरान अशांति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है.”


