डिब्रूगढ़ (असम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम दौरे पर पहुंचे। पीएम सबसे पहले चबुआ वायु सेना स्टेशन पहुंचे, जहां से वे वायुसेना के C-130 विमान से डिब्रूगढ़ के मोरन बाइपास स्थित इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री का विमान डिब्रूगढ़ के पास मोरन बाइपास पर बनी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी पर उतरा। यह विशेष एयरस्ट्रिप सैन्य रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। यह इलाका चीन सीमा से करीब 300 किलोमीटर दूर है, इसलिए किसी आपात स्थिति या युद्ध जैसी परिस्थितियों में यह एयरस्ट्रिप सेना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
Highlights:
क्या है इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF)
इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी को भारतीय वायु सेना ने खास तौर पर तैयार किया है। इसका उद्देश्य नॉर्थ ईस्ट इंडिया में आपातकालीन हालात में सैन्य और नागरिक विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ को आसान बनाना है। इस सुविधा से प्राकृतिक आपदाओं, युद्ध जैसी स्थितियों या राहत-बचाव अभियानों के दौरान तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी।
फाइटर जेट्स का एरियल शो
प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ELF पर एयर शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें राफेल और सुखोई एसयू-30एमकेआई समेत 16 लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। एयर शो के दौरान विमान हाईवे से ही लैंडिंग और टेकऑफ का प्रदर्शन करेंगे। यह डेमो लगभग 30 से 40 मिनट तक चलेगा। यह इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे सेना और प्रशासन को संकट के समय त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को रणनीतिक और विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


