पलामू: मनातू प्रखंड के बीडीओ सह सीओ मदन कुमार सुमन को सोशल मीडिया पर गोली मारने की कथित धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. ममता यादव के नाम से सक्रिय एक आईडी से धमकी भरा पोस्ट किए जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, आईडी के वास्तविक संचालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
इसे भी पढ़ें: JPSC परीक्षा धांधली में CID जांच में एक और खुलासा, एल. ख्यांग्ते की पत्नी ने मिजोरम में लिए नकद लाखों रुपये
जानकारी के अनुसार मनातू में जमीन से जुड़े एक मामले की न्यायिक सुनवाई चल रही है. गुरुवार को इसी मामले में फिर सुनवाई होनी है. ऐसे में धमकी को जमीन विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है. हालांकि, धमकी और जमीन मामले के बीच संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है. थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि संबंधित मामले की सूचना मिली है. लिखित आवेदन मिलने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और आईडी की जांच की जाएगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि मनातू पूर्व में नक्सली गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है.
वर्ष 2022-23 में टीएसपीसी की ओर से तत्कालीन BDO को धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया था. वर्ष 1995 में तत्कालीन BDO भवनाथ झा को भी धमकी मिली थी और अगले दिन उनकी हत्या कर दी गई थी.मनातू जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित जंगलों से घिरा क्षेत्र है.यह बिहार के गया और झारखंड के चतरा जिले से सटा हुआ है. पिछले कुछ वर्षों में यह इलाका अफीम की खेती को लेकर भी चर्चा में रहा है.


