जमशेदपुर : गोलमुरी के गढ़ाबासा में सोमवार की देर रात सड़क पर खड़ा एक खराब ट्रेलर दो बाइक सवार युवकों के लिए आफत बन गया। रात करीब 11:30 बजे अंधेरे में खड़े ट्रेलर को बाइक सवार देख नहीं सके और तेज रफ्तार बाइक सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: 29 सितंबर का राशिफल: जाने अपनी राशि के मुताबिक कैसा रहेगा आपका दिन
बताया गया कि ट्रेलर खराब होने के बाद चालक ने उसे सड़क के किनारे सुरक्षित तरीके से खड़ा करने की जहमत नहीं उठाई। ट्रेलर सड़क पर ही खड़ा रहा। खास बात यह कि घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी नहीं पहुंच रही थी। चारों तरफ अंधेरा था। इसके बावजूद ट्रेलर पर न पार्किंग इंडिकेटर चालू था और न पीछे रेडियम कोन, रिफ्लेक्टर या कोई अन्य चेतावनी संकेत लगाया गया था।
अंधेरे में सड़क पर खड़ा भारी वाहन बाइक सवारों को काफी देर तक दिखाई नहीं दिया। अचानक ट्रेलर सामने आने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दोनों घायलों को सड़क से उठाया। तत्काल निजी वाहन की मदद से उन्हें एमजीएम अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिना सुरक्षा इंतजाम के खराब भारी वाहनों को छोड़ने की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क पर खड़े ट्रेलर, ट्रक और अन्य भारी वाहन यदि रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत के बिना रहें तो पीछे से आने वाले वाहन चालकों को उनका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। गढ़ाबासा की घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और खराब वाहनों की पार्किंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


