रांची : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रांची रेल मंडल की ओर से रांची रेलवे स्टेशन पर रविवार को महिला सशक्तिकरण की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली, जब रेलवे में कार्यरत महिलाओं ने नेतृत्व क्षमता और साहस का परिचय देते हुए रांची-इरगांव मेमू ट्रेन के संचालन का पूरा जिम्मा थामा. इंजन से लेकर सुरक्षा तक, हर मोर्चे पर महिलाएं ही मुस्तैद दिखीं.
Highlights:
15 महिलाओं की ‘पिंक टीम
ट्रेन संचालन के इतिहास में इस दिन को खास बनाने के लिए 15 महिला कर्मचारियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी. इस टीम ने ट्रेन की रवानगी से लेकर उसके गंतव्य तक पहुंचने की हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया. इस में टीम लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, टीटीई, आरपीएफ सुरक्षा कर्मी शामिल है.
फूल देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने स्टेशन पर उपस्थित सभी महिला रेल कर्मियों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया. स्टेशन परिसर में इस पहल को लेकर यात्रियों के बीच भी खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने तालियां बजाकर इस टीम का हौसला बढ़ाया. इस विशेष पहल पर सीनियर डीसीएम सूची सिंह और अन्य महिला रेल कर्मियों ने अपने विचार साझा किए.


