बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के धमधरवा गांव निवासी कुख्यात उग्रवादी फूलचंद किस्कू उर्फ राजू को पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तार किया है। फूलचंद पर हत्या, लूट, रंगदारी, डकैती और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे धमधरवा गांव के पास स्थित जंगल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Highlights:
खेती के बहाने नक्सलियों ने शामिल कराया था संगठन में
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि करीब 10 साल पहले फूलचंद किस्कू को नक्सलियों ने खेती के लिए एक जोड़ा बैल देने का लालच देकर अपने संगठन में शामिल किया था। लेकिन समय बीतने के साथ वह नक्सली संगठन के जाल में फंस गया और धीरे-धीरे कई आपराधिक घटनाओं में शामिल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन उग्रवादियों ने फूलचंद को संगठन में शामिल कराया था, वे अब पुलिस मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। वहीं फूलचंद को न तो बैल मिला और न ही सामान्य जीवन जीने का अवसर।
परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित
पुलिस जब पहली बार फूलचंद को पकड़ने उसके घर पहुंची थी, तो वह घर से भाग निकला था। उस समय उसकी बहू घर पर मौजूद थी, जिसने पुलिस को बताया कि फूलचंद के अपराधी होने की वजह से पूरा परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित है। ग्रामीणों ने भी बताया कि परिवार सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ गया है, क्योंकि लोग उसके अपराधों से डरते थे।
गोमिया थाना प्रभारी ने बताया कि पहली बार घर पर छापेमारी के दौरान परिवार को सरकार की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने यह भी बताया कि अगर फूलचंद खुद सरेंडर करता है, तो उसे सरकार की ओर से पुनर्वास का मौका मिल सकता है। हालांकि, उस समय परिवार और फूलचंद दोनों ने पुलिस से सहयोग करने से इंकार कर दिया।
Also Read : चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का झारखंड में असर खत्म, मौसम का मिजाज बदलते ही गिरा तापमान, बढ़ी ठंड
इसके बाद पुलिस ने फूलचंद को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया। सूचना मिली कि वह गांव के पास जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत वहां घेराबंदी कर अभियान चलाया और आखिरकार उसे बिना किसी मुठभेड़ के गिरफ्तार कर लिया।
गोमिया थाना प्रभारी ने बताया कि फूलचंद किस्कू पर दर्ज मामलों की जांच की जा रही है।
उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किस नक्सली संगठन से जुड़ा था और उसके साथी अब कहां सक्रिय हैं।
पुलिस की सख्ती से उग्रवाद पर लगाम
बोकारो जिला पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में उग्रवाद पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के महीनों में पुलिस ने कई नक्सल समर्थकों को गिरफ्तार किया है और कई उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण भी किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि फूलचंद किस्कू जैसे अपराधियों की गिरफ्तारी से ग्रामीण इलाकों में पुलिस का भरोसा और मजबूत हुआ है। हमारा प्रयास है कि बाकी बचे उग्रवादियों को भी जल्द पकड़ा जाए या वे आत्मसमर्पण करें।


