विदेश : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार अपने लिए नोबेल शांति पुरस्कार की मांग कर चुके हैं. अब उनके बेटे एरिक ट्रंप ने भी उनके समर्थन में नोबेल की मांग की है. राष्ट्रपति ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप इसके लिए एक्स पर एक कैंपेन चला रहे हैं. उन्होंने लोगों से समर्थन मांगते हुए लिखा, “अगर आपको लगता है कि डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार के लायक हैं तो रीट्वीट करें.” नोबेल शांति पुरस्कार, स्वीडिश वैज्ञानिक, उद्योगपति और समाजसेवी अल्फ्रेड नोबेल के नाम पर रखे गए छह पुरस्कारों में से एक है. विजेताओं का चयन नॉर्वे की संसद की ओर से चुनी गई पांच सदस्यीय कमिटी करती है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार को एक बार फिर नोबेल की मांग की. उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार दिए जाने का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि बराक ओबामा को ‘कुछ न करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिला’. ट्रंप ने कहा, “ओबामा को प्राइज़ मिला, उन्हें ये भी नहीं पता था कि उन्हें क्या मिला है.” पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को 2009 में नोबेल शांति सम्मान मिला था. बता दें कि आज यानी शुक्रवार, 10 अक्तूबर को नोबेल शांति पुरस्कार के विजेता का एलान होना है.
बता दें कि ट्रंप ये दावा कर चुके हैं कि उन्होंने कई युद्ध ख़त्म करवाए हैं. इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि उन्होंने ट्रंप को इस पुरस्कार के लिए नामित किया है. पाकिस्तान ने भी नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप को नामित किया था. पाकिस्तान ने कहा था कि मई में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कराने में ट्रंप ने अहम भूमिका निभाई थी. लेकिन भारत ने इन दावों को ख़ारिज किया है और कहा है कि युद्धविराम कराने में कोई भी तीसरा देश शामिल नहीं था.


