रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज नगर निकाय चुनाव के अंतर्गत श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान, राँची स्थित मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का एक अनिवार्य एवं सशक्त अंग है।
Highlights:
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से स्वेच्छा एवं निष्पक्ष रूप से मतदान कर ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करने का आग्रह किया, जो क्षेत्र, शहर एवं प्रदेश के समग्र विकास के प्रति संवेदनशील तथा प्रतिबद्ध हों।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने भी किया मतदान
नगर निकाय चुनाव में मंत्री सुदिव्य कुमार ने अपनी पत्नी संग गिरिडीह में मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया. इस मौके पर उन्होंने आम लोगों से भी मतदान की अपील की. इधर राजधानी रांची में पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने अपनी बेटी व रांची लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रह चुकी यशस्विनी सहाय के साथ संत थॉमस स्कूल में पहुंचकर मतदान किया। मतदान को लेकर आम लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.


