अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने सोमवार को गुजरात दौरे की शुरुआत अहमदाबाद से की। दोनों नेताओं ने सबसे पहले साबरमती आश्रम पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल में शामिल हुए और द्विपक्षीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। आश्रम भ्रमण के बाद फ्रेडरिक मर्ज ने गेस्ट बुक में लिखा कि महात्मा गांधी की अहिंसा की सोच, स्वतंत्रता की शक्ति में विश्वास और हर व्यक्ति की गरिमा में आस्था आज भी दुनिया को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि गांधी के आदर्श आज पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हैं और न्याय व संवाद को बढ़ावा देते हैं।
Highlights:
काइट फेस्टिवल में भागीदारी
साबरमती आश्रम के बाद दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे, जहां इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल 2026 का आयोजन हो रहा है। यह महोत्सव सात दिनों तक चलेगा। यहां प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज ने साथ मिलकर पतंग उड़ाई और उत्सव का आनंद लिया। काइट फेस्टिवल के बाद प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के पुराने हाईकोर्ट स्टेशन से मेट्रो के जरिए गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर जाएंगे। यहीं पर प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें भारत-जर्मनी संबंधों पर चर्चा की जाएगी। इन कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 2:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री का गुजरात दौरे का तीसरा और अंतिम दिन पूरा होगा।
रविवार के कार्यक्रमों की झलक
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में कई कार्यक्रमों में भाग लिया था। सुबह वे एक किलोमीटर लंबी शौर्य यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक मंदिर में करीब 30 मिनट तक पूजा की। राजकोट में उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात सौराष्ट्र रीजनल का उद्घाटन किया। बाद में अहमदाबाद पहुंचकर अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का अहमदाबाद दौरा प्रतीकात्मक और कूटनीतिक दोनों दृष्टि से अहम रहा। गांधी को श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी और द्विपक्षीय बातचीत के जरिए भारत-जर्मनी संबंधों को नई मजबूती देने का संदेश दिया गया।


