धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में एसएससी (MTS) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का खुलासा हुआ है। मिनर्वा डिजिटल परीक्षा केंद्र में केंद्र समन्वयक की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों और एक परीक्षा केंद्र कर्मचारी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार परीक्षार्थियों की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर निवासी रौनक कुमार और कोचगांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत नालंदा जिले के दायमचक निवासी शशि कुमार को भी हिरासत में लिया गया है।
Highlights:
ब्लूटूथ और स्पाई ईयरपीस बरामद
जांच के दौरान परीक्षार्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस जैसे अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इन उपकरणों के जरिए परीक्षा के दौरान बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे। पूछताछ में परीक्षार्थियों ने बताया कि केंद्र के कर्मचारी ने ही उन्हें ये डिवाइस उपलब्ध कराए थे और पूरी योजना पहले से बनाई गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी 8 लाख रुपये तय किए गए थे। इसमें से करीब ढाई लाख रुपये एडवांस के रूप में लिए जा चुके थे।
मोबाइल से मिले अहम सबूत
गिरफ्तार कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, एडमिट कार्ड की कॉपियां और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। इस मामले में 13 फरवरी 2026 को गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। प्रशासन ने कहा है कि परीक्षाओं में नकल कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता बनी रहे।


