झारखंड : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार से राज्य में उच्च शिक्षा की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसमें गुणवत्तापूर्ण सुधार की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित हो, जिससे राज्य के बाहर के विद्यार्थी भी यहाँ आकर शिक्षा ग्रहण करने की जिज्ञासा रखें. मंत्री सुदिव्य कुमार राज्यपाल से मुलाकात करने राजभवन पहुंचे थे. इस दौरान राज्यपाल ने मंत्री को अपने सुपुत्र के विवाह उपरांत आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ में सम्मिलित होने का आमंत्रण भी दिया.

उधर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नवगठित टीम के एक शिष्टमंडल ने राज भवन में शिष्टाचार मुलाकात की. इस मौके पर राज्यपाल से शिष्टमंडल ने राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, स्टार्ट-अप आदि विभिन्न विषयों पर चर्चा की. राज्यपाल ने कहा कि वे सदैव राज्यहित एवं जनकल्याण के कार्यों में सहयोग के लिए उपलब्ध हैं और राज्य के समग्र विकास हेतु सभी के सक्रिय योगदान की अपेक्षा करते हैं. शिष्टमंडल ने इस दौरान चाईबासा सदर अस्पताल में पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने से संबंधित मामले का भी उल्लेख किया.


