बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे व अंतिम चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग की घोषणा का इंतजार लंबा होता नजर आ रहा है. इस बीच जहानाबाद जिले की घोसी विधानसभा सीट पर भाकपा माले ने अपने उम्मीदवार रामबली सिंह को पार्टी का सिंबल थमा दिया है. यानी सीट बंटवारे के औपचारिक ऐलान से पहले ही भाकपा माले ने चुनाव मैदान में अपना उम्मीदवार उतारने का एलान कर दिया है. हालांकि कहा यह जा रहा है कि इस बार इस सीट पर राजद की भी नजरें है.
राजद से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, राजद की ओर से राहुल कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने की तैयारी है. राहुल कुमार पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे हैं और हाल ही में उन्होंने तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन किया है. राहुल कुमार इससे पहले जेडीयू से विधायक रह चुके हैं. घोसी विधानसभा सीट इस समय भाकपा माले के पास है, इसलिए यहां सीट बंटवारे को लेकर टकराव साफ दिख रहा है.
इधर, कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे में पार्टी को कम से कम 60 सीटें मिलने की संभावना है. हालांकि अंतिम संख्या तो सीटों की घोषणा के बाद ही पता चलेगी. दूसरी तरफ एनडीए में सीटों का बंटवारा हो चुका है. इस बार बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हिस्से में 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के खाते में 6-6 सीटें आई हैं.

