Deepti Sharma: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने जीत के साथ आगाज किया है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर टूर्नामेंट में शानदार एंट्री मारी। इस जीत की असली हीरो रहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, जिन्होंने गेंद से कहर बरपाते हुए इतिहास रच दिया।
Highlights:
दीप्ति की घातक गेंदबाजी ने तोड़ी पाक की कमर
दीप्ति शर्मा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके। उनकी फिरकी के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर ढेर हो गई। दीप्ति ने पाकिस्तान की नाशरा संधू को आउट करते ही वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
दीप्ति ने बनाए 3 बड़े रिकॉर्ड:
- T20I की नंबर-1 गेंदबाज: दीप्ति अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। 145 मैचों में उनके नाम 166 विकेट हो गए हैं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग के 165 विकेट का रिकॉर्ड तोड़ा।
- वर्ल्ड कप में बेस्ट फिगर: महिला टी20 वर्ल्ड कप में यह भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। दीप्ति ने रेणुका सिंह ठाकुर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट लिए थे।
- 350 विकेट क्लब में एंट्री: दीप्ति अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाली भारत की दूसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट के बाद उनके कुल 354 विकेट हो गए हैं। उनसे आगे सिर्फ झूलन गोस्वामी हैं जिनके नाम 355 विकेट हैं।
मंधाना-हरमन-ऋचा का धमाल
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रन की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर ताबड़तोड़ 34 रन ठोक दिए।
171 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम दीप्ति की फिरकी में उलझ गई और 106 रन पर ऑलआउट हो गई। रनों के लिहाज से यह महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की 5वीं सबसे बड़ी जीत है।




