रांची: झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री व सरकार की ओर से गठित चार मंत्रियों के पैनल में शामिल सुदिव्य कुमार ने रांची में जारी छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर शुक्रवार को विधानसभा के बाहर मीडियाकर्मियों से बात की. इस दौरान उन्होंने गुरूवार को छात्रों की ओर से गठित 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में चयनित सदस्यों पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास नैतिकता नहीं बची है क्योंकि इस प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी नेता व पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार को भी शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा में 8399 करोड़ रूपए का प्रथम अनुपूरक बजट पेश, विपक्ष के हंगामे के कारण सोमवार तक कार्यवाही स्थगित
उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के पीछे भारतीय जनता पार्टी और कोचिंग माफिया की साजिश नहीं चलने दी जाएगी. भारतीय जनता पार्टी पर्दे के पीछे से खेलना बंद करें. छात्रों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि वह अपने स्वच्छ आंदोलन को राजनीति करने वालों से दूर रखें. छात्रों को भरोसा दिलाते हुए मंत्री ने कहा कि उनके हितों की अनदेखी सरकार नहीं होने देगी.


