रांची : जेपीएससी जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 12 दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही ठोस समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में सीआईडी की जांच में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी हो रही है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची में जेपीएससी जेएसएससी परीक्षा धांधली मामले में छात्रों के आंदोलन के बीच राज्यपाल से मिलने पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
उन्होंने कहा कि एजेंसियां पूरी मेहनत और प्रभावी ढंग से काम कर रही हैं, जिससे जल्द किसी ठोस निष्कर्ष तक पहुंचने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्री से बातचीत के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वह इस विषय पर उनसे चर्चा करेंगे।
छात्रों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जिसकी भी कोई मांग है, वह सरकार के सामने आकर अपनी बात रख सकता है। सरकार कई मुद्दों से पहले से अवगत है और यदि छात्र अपनी बातें रखेंगे तो उन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
राज्यपाल से भी मिले मुख्यमंत्री

इधर बुधवार को ही राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात करने और आंदोलनरत छात्रों के मामले में सरकार की स्थिति को स्पष्ट करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लोकभवन पहुंचे. लगभग आधे घंटे तक चली मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं युवाओं के विश्वास को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कथित अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।


