न्यूज डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल में बच्चों की न्यूरोलॉजिकल और मस्तिष्क संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए विशेष पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी ओपीडी की शुरुआत 7 सितंबर से की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में यह झारखंड की पहली पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी ओपीडी होगी।
Highlights:
इलाज के लिए नहीं जाना होगा बाहर
इस नई सुविधा के शुरू होने के बाद बच्चों में मिर्गी, सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म और बौद्धिक विकास में देरी जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के इलाज के लिए परिजनों को दूसरे राज्यों या महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब इन बीमारियों से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श और इलाज की सुविधा रांची में ही उपलब्ध होगी।
सदर अस्पताल प्रबंधन ने इस सेवा के लिए पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका साहू को नियुक्त किया है। जानकारी के अनुसार, पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी ओपीडी सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को संचालित होगी।
यह भी पढ़ें: दिशा सालियान मौत केस में होगी CBI जांच, सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं
परिजनों को राहत
मरीजों को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलेगी। अब तक रिम्स सहित राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में बच्चों के लिए अलग से पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी ओपीडी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
विशेषज्ञ सेवा शुरू होने से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें बच्चों की जटिल न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए अब तक दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।


