न्यूज डेस्क : भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर नमांश स्याल के शव को भारत लाया गया है. समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, वायुसेना के एक विशेष विमान से उनके शव को तमिलनाडु के कोयंबटूर में सुलूर एयर बेस पर लाया गया. रवाना होने से पहले अमीराती सेना के जवानों ने गॉर्ड ऑफ़ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित किया.
Highlights:
यूएई में भारतीय दूतावास ने एक्स पर जानकारी दी कि राजदूत दीपक मित्तल और सीजी सतीश सिवन ने विंग कमांडर नमांश स्याल को श्रद्धांजलि दी. बता दें कि शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान तेजस प्लेन क्रैश में नमांश स्याल की मौत हो गई थी. विंग कमांडर नमांश स्याल हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा ज़िले के रहने वाले थे.
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

इससे पहले कांगड़ा के डिप्टी कमिशनर हेमराज बैरवा ने शनिवार को बताया था कि “दुबई एयर शो के दौरान तेजस एयरक्राफ़्ट क्रैश में मारे गए नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कोयंबटूर लाया जा रहा है और कल (रविवार) दोपहर एक बजे तक उनका पार्थिव शरीर कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंच जाएगा.” उन्होंने आगे बताया कि “यहां उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी. और फिर उनका पार्थिव शरीर उनके पुश्तैनी गांव पटियालकट भेजा जाएगा और वहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.”
शनिवार को भारतीय वायु सेना ने दी श्रद्धांजलि
इससे पहले शनिवार को भारतीय वायुसेना ने एक्स पर पोस्ट कर विंग कमांडर की मौत पर दुख जताया. भारतीय वायुसेना ने लिखा, “भारतीय वायु सेना विंग कमांडर नमांश स्याल की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक जताती है. दुबई एयर शो में तेजस विमान क्रैश होने के चलते उनकी जान चली गई थी. वो एक डेडिकेटेड फ़ाइटर पायलट और शानदार प्रोफ़ेशनल थे, जिन्होंने पूरी ईमानदारी, कौशल और कर्तव्य भावना से देश की सेवा की.”
भारतीय वायुसेना ने लिखा, “सर्विस के लिए उनका पूरा जीवन समर्पित रहा, इसी वजह से उनके शानदार व्यक्तित्व ने उन्हें बहुत सम्मान दिलाया. और उनके अंतिम विदाई समारोह में यूएई अधिकारियों, उनके साथियों, दोस्तों और भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने हिस्सा लिया. इस गहरे दुख की घड़ी में भारतीय वायुसेना उनके परिवार के साथ खड़ी है और उनके साहस, समर्पण और सम्मान की विरासत को सलाम करती है. देश उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद करेगा.”


