Monday, June 15, 2026

झारखंड में निकाय चुनाव में बगावत पर BJP की 20 नेताओं को शो-कॉज नोटिस भेजने की तैयारी

रांची : राज्य में हो रहे नगर निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सख्त रुख अपना लिया है. पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ सक्रिय करीब 20 नेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी करने की तैयारी है. साफ संदेश है-अनुशासन तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जिन नेताओं पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है, उनमें डालटनगंज के पूर्व जिला अध्यक्ष परशुराम ओझा, धनबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार और जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव शामिल हैं.

इसके अलावा चास की मेयर प्रत्याशी परिंदा सिंह, देवघर के मेयर प्रत्याशी बाबा बलियासे और धनबाद के पूर्व विधायक संजीव सिंह (जो मेयर पद के उम्मीदवार भी हैं) को भी नोटिस भेजा जाएगा. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यदि इन नेताओं का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो उन्हें संगठन से बाहर भी किया जा सकता है. संगठन ने रिपोर्ट के साथ-साथ विरोध में किए जा रहे प्रचार के वीडियो और भाषणों की सीडी भी जुटा ली है.

प्रदेश अध्यक्ष का सख्त संदेश

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू लगातार बैठकों में साफ कर चुके हैं कि समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ना या विरोधी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई चर्चा में भी यह सहमति बनी कि अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा. संभावना है कि अगले कुछ दिनों में संबंधित नेताओं को आधिकारिक नोटिस भेज दिए जाएंगे.

मनाने की कोशिश नाकाम

पार्टी ने असंतुष्ट नेताओं को मनाने की भी कोशिश की. कई दौर की बातचीत में उनसे चुनाव मैदान से हटने या विरोधी खेमे के प्रचार से दूरी बनाने का आग्रह किया गया, लेकिन ये प्रयास सफल नहीं हो सके. देवघर में बाबा बलियासे पार्टी की समर्थित उम्मीदवार रीता चौरसिया के खिलाफ मैदान में हैं. चास नगर निगम में परिंदा सिंह, अधिकृत प्रत्याशी अविनाश कुमार के मुकाबले चुनाव लड़ रही हैं.

डालटनगंज में पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा ने अपनी पत्नी जानकी देवी को मेदिनीनगर मेयर पद के लिए उतारा है. जमशेदपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव को मानगो की समर्थित उम्मीदवार संध्या सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा है. धनबाद में सत्येंद्र कुमार, अधिकृत उम्मीदवार के विरोध में रवि चौधरी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं. वहीं पूर्व विधायक संजीव सिंह भी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं.

केंद्रीय नेतृत्व की सीधी नजर

झारखंड निकाय चुनाव पर केंद्रीय संगठन की भी सीधी निगरानी है. पार्टी नेतृत्व ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है. अरुण सिंह ने शुक्रवार को रांची में पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में सभाएं कीं. उनका कार्यक्रम शनिवार को मेदिनीनगर और रविवार को गढ़वा में तय है. पार्टी का साफ संदेश है कि निकाय चुनाव में यह भ्रम नहीं रहना चाहिए कि अधिकृत उम्मीदवार कौन है. संगठन अब अनुशासन के मुद्दे पर सख्त और निर्णायक कदम उठाने के मूड में नजर आ रहा है.

spot_img

एयर नाउ स्पेशल

नेहरू से मोदी तक भारत के प्रधानमंत्री की पूरी...

न्यूज डेस्क: 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ और संसदीय लोकतंत्र की स्थापना हुई। देश के शासन की कमान प्रधानमंत्री के हाथों में...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

22,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
110,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग खबर