दिल्ली : शनिवार से अगले चार दिन तक यानी 24 से 27 जनवरी तक बैंक बंद रहेंगे। लगातार चार दिनों तक बैंकों में कामकाज नहीं हो पाएगा। हालांकि मोबाइल बैंकिंग, एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी। केंद्रीय बैंक के नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और आखिरी शनिवार को सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहते हैं। 24 जनवरी को चौथा शनिवार है, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, ऐसे में बैंक बंद रहेंगे।
Highlights:
UFBU ने किया आव्हान
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने यह आव्हान किया है। फाइफ डे बैंकिंग सप्ताह की मांग पर सहमति नहीं बनने के कारण 27 जनवरी को बैंकों में हड़ताल रहेगी। यूनियनों की सबसे बड़ी मांग यह है कि बैंकों में हफ्ते में केवल पांच दिन काम की व्यवस्था लागू की जाए। वर्तमान में, बैंकों में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी रहती है, जबकि पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक पूरी तरह खुले रहते हैं। यूनियन चाहती है कि महीने के सभी शनिवारों को आधिकारिक अवकाश घोषित किया जाए। इस हड़ताल के चलते देशभर के सरकारी, ग्रामीण व सहकारी बैंकों में काम करने वाले करीब आठ लाख अधिकारी व कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। इसमें झारखंड के 50 हजार से अधिक कर्मचारी भी शामिल होंगें और 3000 से अधिक शाखाएं बंद रहेंगी।
कर्मचारियों में नाराजगी
ऑलइंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूएफबीयू के बीच 7 दिसंबर 2023 को हुए समझौता ज्ञापन और 8 मार्च 2024 के संयुक्त नोट में सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन कार्य समय 40 मिनट बढ़ाकर बाकी सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने पर सहमती बनी थी। लेकिन इसके बावजूद सरकार द्वारा इसे लागू करने के लिए अभी तक आवश्यक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। हड़ताल को सफल बनाने के लिए यूनियनों ने डिजिटल मोर्चे पर भी पूरी ताकत झोंक दी है। सोशल मीडिया पर #Implement5DayBanking हैशटैग के जरिए चलाए गए अभियान को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। यूनियन ने 27 जनवरी को होने वाली इस हड़ताल में सभी कर्मचारियों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।


