खेल डेस्क: जापान में हो रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत ने एक साथ दो मेडल अपने नाम किए हैं। हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस डबल पोडियम के साथ भारत की कुल मेडल संख्या 6 हो गई है। इनमें 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : पटना में आज कई इलाकों में बिजली कटौती, 2 से 3 घंटे तक प्रभावित रहेगी सप्लाई
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 252.4 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहे तो वहीं रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में चीन के शेंग लिहाओ ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 254.2 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि उनका यह स्कोर एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बन गया है। व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल से पहले हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने पार्थ राकेश माने के साथ मिलकर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाया था।
एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत से ही भारतीय शूटिंग टीम का प्रदर्शन चर्चा में है। इससे पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता था। इसके बाद एलावेनिल वलारिवन ने महिला 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में टीम सिल्वर और अब व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु का सिल्वर और रुद्रांक्ष का ब्रॉन्ज भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स ने शुरुआत में ही अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में एक ही दिन टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के खिलाड़ियों ने कुल तीन मेडल हासिल किए। हिमांशु ढिल्लों का सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल का ब्रॉन्ज भारत के शूटिंग अभियान को और मजबूत करता है। वहीं, भारत की कुल मेडल टैली अब 6 हो चुकी है, जिसमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। शूटिंग की बात करें तो इस खेल से भारत ने अब तक पांच मेडल हासिल किए हैं।


