रांची: झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का विधानसभा घेराव आज सोमवार को होने वाला है, इसे लेकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं. इस बीच भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को उनके आवास में नज़रबंद करने का दावा किया है. इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि यह राज्य की डरी सहमी एक तानाशाही सरकार की दमनात्मक कार्रवाई है। पुलिसिया पहरा बिठा देने से सरकार की मंशा कामयाब होने वाली नहीं है।
इसे भी पढ़ें: ईडी निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
अमर बाउरी ने कहा कि राज्य सरकार की इस प्रकार की गीदड़भभकी से छात्र आंदोलन रुकने वाला नहीं है। भाजपा पुलिसिया कार्रवाई से पहले भी ना डरी है और ना कभी डरेगी। राज्य सरकार छात्रों की मांग को पूरा करे। सरकार लाख कोशिश कर ले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में लाखों छात्र भाग लेंगे ही। मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते भाजपा राज्य के छात्रों के साथ हो रहे अन्याय को मूकदर्शक बनकर नहीं देख सकती है। भाजपा ने इस मामले को नैतिक समर्थन डंके की चोट पर दिया है।
भाजपा छात्रों के इस न्याय की लड़ाई में हर कदम साथ है। छात्र पिछले 6 साल से ठगे जा रहे हैं। स्वाभाविक है कि उनके अंदर आक्रोश का तूफान है और सरकार इस तूफान को जितना दबाएगी, वह उतना ही उभर कर सामने आएगा, जिसमें राज्य सरकार का भस्म होना तय है। राज्य सरकार को अपनी ऊर्जा गैर जरूरी कार्यों में खपत करने की बजाय सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए और छात्रों की जो मांग है उसे बिना शर्त माननी चाहिए। राज्य सरकार को छात्रों के आंदोलन को दबाने का या डायवर्ट करने के प्रयास से बाज आनी चाहिए।


