Home दिल्ली दिल्ली विधानसभा में बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली विधानसभा में बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

0
दिल्ली विधानसभा में बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विधानसभा परिसर में एक गंभीर सुरक्षा उल्लंघन का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार एसयूवी से बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय आरोपी सरबजीत सिंह 6 अप्रैल को दोपहर करीब 2:10 बजे सफेद एसयूवी लेकर विधानसभा के गेट नंबर-2 की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इस दौरान उसने सुरक्षाकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की। घटना के समय सदन की कार्यवाही नहीं चल रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

विधानसभा परिसर में हरकत

अंदर घुसने के बाद आरोपी ने पोर्च में खड़ी विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी पर गुलदस्ता और माला रखी और मौके से फरार हो गया। इस अजीब हरकत ने जांच एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरबजीत सिंह 1 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित अपने घर से निकला था और करीब पांच दिनों तक उसका कोई ठिकाना नहीं था। इस दौरान उसने परिवार से एक बार संपर्क किया, लेकिन अपनी लोकेशन नहीं बताई। सूत्रों के मुताबिक, वह 2 अप्रैल को बरेली गया और 6 अप्रैल को ही दिल्ली पहुंचा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने इस दौरान किन-किन लोगों से संपर्क किया।

सोशल मीडिया और गतिविधियां

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी 2020-21 के किसान आंदोलन का समर्थक रहा है और उसने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। इसके अलावा, कुछ वीडियो में वह 150 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए भी दिखाई दे रहा है। घटना के करीब दो घंटे बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को रूप नगर इलाके से दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

यह पढ़ें: झारखंड में बढ़ रहे ड्रग्स के कारोबार पर हाईकोर्ट सख्त, CID ने रोकथाम के लिए तैयार किया ब्लूप्रिंट

मानसिक स्थिति पर सवाल

परिवार ने पुलिस को बताया है कि सरबजीत सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और किसी के नियंत्रण में नहीं रहता। हालांकि, पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की मेडिकल जांच करवा रही है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी के कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और मूवमेंट की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने यह घटना अकेले अंजाम दी या इसके पीछे कोई और साजिश है।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-