रांची : झारखंड में शराब घोटाले की जांच में जुटी एसीबी ने पूछताछ के लिए अब पूर्व उत्पाद कमिश्नर व वर्तमान में कमर्शियल टैक्स कमिश्नर आईएएस अधिकारी अमित कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया है. एसीबी ने उन्हें गुरुवार को समन भेजकर शुक्रवार को पूछताछ में शामिल होने के लिए एसीबी मुख्यालय में उपस्थित होने की बात कही है.
एसीबी शराब घोटाला मामले में हाल ही में जमशेदपुर के डीसी व पूर्व उत्पाद कमिश्नर कर्ण सत्यार्थी के अलावा रामगढ़ के डीसी फैज अक अहमद से पूछताछ कर चुकी है, जबकि पूर्व में आईएएस अधिकारी मुकेश कुमार, आईएएस मनोज कुमार से भी एसीबी की पूछताछ हो चुकी है. कहा जा रहा है कि अमित कुमार जब उत्पाद विभाग में आयुक्त के पद पर थे, तब विजन और मार्शन नाम की कंपनियों में से एक की बैंक गारंटी फर्जी थी, लेकिन इस पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया.
बता दें कि झारखंड शराब घोटाले में एसीबी ने विभाग के तत्कालीन सचिव विनय चौबे समेत 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इस मामले में पहली गिरफ्तारी वरीय IAS विनय चौबे की हुई थी. एसीबी का कहना है कि दो प्लेसमेंट एजेंसियों की नकली बैंक गारंटी की सही ढंग से जांच नहीं की गई, जिससे 38.44 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ.


