Saturday, June 13, 2026

त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा : ‘रिग्रेट’ स्टेटस खत्म, टिकट की तारीख भी अब बदल सकेंगे

देश : दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब टिकट बुक करते समय यात्रियों को ‘रिग्रेट’ यानी बुकिंग बंद का स्टेटस नहीं दिखेगा। उत्तर रेलवे ने बताया कि टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए 30 लाख अतिरिक्त बर्थ जोड़ी गई हैं। इससे यात्रियों को अधिक सीटें मिल सकेंगी और बुकिंग के समय टिकट रिजेक्ट होने की संभावना काफी कम होगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा, रिग्रेट स्टेटस को हटाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है। रिस्पॉन्स अच्छा है और इसे धीरे-धीरे सभी ट्रेनों में लागू किया जाएगा।

3000 अतिरिक्त कोच जोड़े गए

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 3000 अतिरिक्त कोच लगाए हैं। जहां-जहां यात्रियों की संख्या अधिक होती है, वहां कोच बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। त्योहारों में सबसे अधिक भीड़ बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनों में होती है। रेलवे ने इन रूट्स पर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी की है और उनका शेड्यूल भी जारी किया जा रहा है।

वेटिंग में फंसे यात्रियों को राहत

सामान्य परिस्थितियों में रेलवे 150 से ज्यादा वेटिंग टिकट पर बुकिंग बंद कर देता है और ‘रिग्रेट’ स्टेटस दिखाता है। लेकिन त्योहारों में इस नियम को लचीला बना दिया गया है। अब जिन ट्रेनों में टिकट की डिमांड अधिक है, उनमें कोच बढ़ाकर रिग्रेट स्टेटस को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। इससे अधिक यात्री टिकट बुक कर सकेंगे और वेटिंग में फंसे लोगों को भी कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

जनवरी 2026 से कन्फर्म टिकट की तारीख बदल सकेंगे

रेलवे यात्रियों के लिए एक और बड़ी सुविधा जनवरी 2026 से शुरू करने जा रहा है। अब यात्री अपने कन्फर्म टिकट की यात्रा की तारीख बिना कैंसिलेशन चार्ज दिए ऑनलाइन बदल सकेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, अब यात्रियों को अपना टिकट कैंसिल कर दोबारा बुक करने की जरूरत नहीं होगी। नई तारीख पर सीट उपलब्धता के आधार पर टिकट रीबुक हो जाएगा।

कैसे बदलेगी टिकट की तारीख

मान लीजिए आपके पास 20 नवंबर को दिल्ली से पटना की कन्फर्म टिकट है, लेकिन प्लान बदलने के कारण आप 25 नवंबर को यात्रा करना चाहते हैं। अब आपको टिकट कैंसिल कराने की जरूरत नहीं होगी। आप ऑनलाइन टिकट में ही नई तारीख चुनकर रीबुक कर सकेंगे। सीट खाली होने पर आपको नया टिकट मिल जाएगा और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा। हालांकि सीट की गारंटी नहीं होगी – नई तारीख पर उपलब्धता के आधार पर ही टिकट मिलेगा।

IRCTC वेबसाइट और ऐप से होगा प्रोसेस

टिकट की तारीख बदलने की सुविधा फिलहाल सिर्फ IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ही उपलब्ध होगी। बाद में रेलवे इसे ऑफलाइन यानी टिकट काउंटर पर भी लागू कर सकता है। अभी यह सुविधा सिर्फ कन्फर्म टिकट पर लागू होगी। वेटिंग टिकट पर फिलहाल यह सुविधा नहीं मिलेगी।

जनरल टिकट बुकिंग में भी बड़ा बदलाव

1 अक्टूबर से IRCTC पर जनरल रिजर्वेशन टिकट बुक करने के लिए ई-आधार वेरिफिकेशन जरूरी कर दिया गया है। टिकट खुलने के शुरुआती 15 मिनट में सिर्फ आधार OTP वेरिफिकेशन से टिकट बुक हो सकेगी। इस कदम से फर्जी आईडी और एजेंटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

आने-जाने का टिकट बुक करने पर 20% डिस्काउंट

रेलवे ने त्योहारों के सीजन में एक और एक्सपेरिमेंटल स्कीम शुरू की है। यदि कोई यात्री आने और जाने का टिकट एकसाथ बुक करता है तो उसे रिटर्न टिकट पर 20% तक की छूट मिलेगी। इससे त्योहारों में घर आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और भीड़ का दबाव भी थोड़ा कम होगा।

त्योहारी सीजन में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं—

  • रिग्रेट स्टेटस हटाने के लिए 30 लाख बर्थ बढ़ाई गई।
  • टिकट की तारीख बदलने की सुविधा जनवरी 2026 से शुरू होगी।
  • ई-आधार वेरिफिकेशन से टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी।
  • आने-जाने के टिकट पर छूट भी मिलेगी।

इन फैसलों से दिवाली और छठ पूजा के दौरान लाखों यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

एयर नाउ स्पेशल

नेहरू से मोदी तक भारत के प्रधानमंत्री की पूरी...

न्यूज डेस्क: 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ और संसदीय लोकतंत्र की स्थापना हुई। देश के शासन की कमान प्रधानमंत्री के हाथों में...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

22,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
110,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग खबर