रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत में अभी तक सुधार नहीं हुआ है। वह रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती हैं। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज और निगरानी कर रही है।
Highlights:
इसे भी पढ़े: जमशेदपुर में एक बार फिर सड़क पर अंधेरे में मौत बनकर खड़े ट्रेलर से हुई दुर्घटना, बाइक सवार दो युवक हुए घायल
तबीयत बिगड़ने के बाद BiPAP पर किया गया शिफ्ट
जानकारी के अनुसार, रविवार को रूपी सोरेन की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें BiPAP मशीन के सपोर्ट पर रखा गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बेहोशी की हालत में हैं। हालांकि, अस्पताल की ओर से उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
डॉक्टरों की टीम लगातार कर रही निगरानी
रूपी सोरेन का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। बताया गया है कि हिल व्यू अस्पताल के डॉक्टरों के साथ देश के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी सलाह ली जा रही है। विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर उनका इलाज किया जा रहा है।
18 सितंबर को अस्पताल में हुई थी भर्ती
रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में परेशानी के बाद रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान छाती में संक्रमण की बात भी सामने आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हेमंत और कल्पना सोरेन ले रहे स्वास्थ्य की जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी लगातार अस्पताल पहुंचकर मां रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। 22 सितंबर को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने कुछ कार्यक्रम भी रद्द कर दिए थे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली थी।


