रांची: झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मैच को लेकर तैयारियां जारी है. इस बीच JSCA ने इस मैच के फ्री पास के नियमों में कुछ बदलाव करने की तैयारी में है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मैच के लिए मात्र 3,800 कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटने का प्रस्ताव रखा गया है. JSCA स्टेडियम में करीब 39,500 लोगों के बैठने की क्षमता है.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने चलाई लाठी, अपराध पर लगाम या आम लोगों पर सख्ती, वीडियो वायरल
सूत्रों के अनुसार जेएससीए के इस फैसले के पीछे BCCI के नियमों का हवाला दिया जा रहा है। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय मैच में कुल दर्शक क्षमता के 10 फीसदी से ज्यादा फ्री पास नहीं दिए जा सकते. इस हिसाब से करीब 3,950 पास तक की सीमा बनती है. JSCA करीब 3,800 पास रखने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले साल 2025 में भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए वनडे मैच में करीब 10 हजार कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटे गए थे. मैच के बाद टिकट और फ्री पास को लेकर सवाल उठे थे. कुछ लोगों ने पास वितरण में कथित गड़बड़ी की शिकायत भी की थी.
इस बार कम पास होने के कारण इसका असर VIP, VVIP, JSCA सदस्यों, मीडिया, अलग-अलग संस्थाओं और मेहमानों पर पड़ सकता है. बताया जा रहा है कि JSCA अलग-अलग कैटेगरी के लिए पास का कोटा तय करेगा. कोटा तय होने के बाद अंतिम लिस्ट तैयार होगी. इस बार पास मैनेजमेंट की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं होगी. JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव की अगुवाई में पूरी कमेटी इसकी निगरानी करेगी. इससे पास बांटने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने की कोशिश की जा रही है.
इधर मैच को लेकर JSCA ने टिकटिंग और एक्रिडिटेशन के लिए टेंडर भी जारी किया है. टिकट बिक्री से लेकर पास और स्टेडियम में एंट्री तक की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है. इस बार पास की संख्या सीमित रखने और पूरी प्रक्रिया पर कमेटी की निगरानी रखने की तैयारी की जा रही है. मैच के दिन भीड़ को संभालने और दर्शकों को एंट्री के दौरान परेशानी न हो, इस पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है.


