रांची: अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने जेएसएससी सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में हुई गड़बड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार को पूछताछ के बाद सीआईडी की टीम ने जमशेदपुर नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार हुए आरोपियों में गिरिडीह के रहने वाले संजय कुमार के अलावा रामा कृष्णा कुमार और कोडरमा का रहने वाला अजय कुमार शामिल है.
इसे भी पढ़ें : JPSC-JSSC परीक्षा की CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका सूचीबद्ध, 28 सितंबर को होगी सुनवाई
सीआईडी के द्वारा गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में अनुचित माध्यमों का उपयोग कर अवैध लाभ प्राप्त किया था. पिछले कई दिनों से इन सभी अभ्यर्थियों से सीआईडी के द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही थी. इसी दौरान पूछताछ के क्रम में ठोस साक्ष्य मिलने के बाद सीआईडी ने तीनों अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया. अबतक इस मामले में सीआईडी की टीम ने 36 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है. सीआईडी मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और शामिल अन्य संदिग्धों की आगे की जांच कर रही है.


