रांची: झारखंड में खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बीच एजी मोड़ के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संत जेवियर स्कूल की बस पर अचानक एक पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही बस में सवार बच्चों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के समय बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी और स्कूल से महज आधे किलोमीटर पहले यह दुर्घटना हुई। घटना के वक्त बस में करीब 40 स्कूली बच्चे मौजूद थे, लेकिन किसी बच्चे या बस स्टाफ को कोई चोट नहीं आई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : विधायक के बाद अब अधिवक्ता की पारी: अम्बा प्रसाद ने उत्तीर्ण की AIBE परीक्षा, न्याय की गुहार लगाने का ऐलान
विमान सेवा बाधित, कई फ्लाइट्स डायवर्ट
इधर शुक्रवार सुबह तेज बारिश और हवा के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित रही. खराब मौसम के कारण रांची आने वाली चार फ्लाइट को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। इसमें इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान शामिल हैं. इसके अलावा दिल्ली से रांची आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया है. मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है.
मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की पुणे से रांची आने वाली फ्लाइट को खराब मौसम के कारण बनारस डायवर्ट कर दिया गया. वहीं सुबह करीब 8:05 बजे रांची आने वाली इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट भी खराब मौसम के कारण वापस कोलकाता लौट गया. एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची फ्लाइट को भी कोलकाता की तरफ डायवर्ट कर दिया गया. इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट भी खराब मौसम की वजह से बनारस डायवर्ट कर दी गई.


