टेक डेस्क: दूरसंचार नियामक ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों से ‘वॉईस कॉल’ और ‘एसएमएस’ के अलग से सस्ते वाउचर जारी करने को कहा है। नए नियम के तहत इन सेवाओं के साथ डेटा यानी इंटरनेट प्लान लेने की जरूरत नहीं होगी।दूरसंचार नियामक के इस कदम से ग्राहकों को कम लागत पर फोन में सिर्फ वायस काल और एसएमएस की सेवाएं मिल सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : देवघर में फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, साइबर पुलिस की कार्रवाई
एसटीवी प्रीपेड मोबाइल ग्राहकों के लिए बूस्टर रिचार्ज की तरह काम करता है। इसके जरिये ग्राहक अतिरिक्त राशि देकर कम दरों पर अंतरराष्ट्रीय काल करने या मौजूदा प्लान में असीमित काल की सुविधा जैसी अन्य सेवाएं भी जोड़ते हैं। ट्राई ने कहा कि जहां कुछ डेटा सेवाओं वाले एसटीवी की वैधता 365 दिन तक उपलब्ध है, वहीं नए नियम 30 दिन या उससे कम वैधता वाले वाउचर पर केंद्रित हैं।
इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों और अधिक भुगतान नहीं कर पाने वाले ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है। ट्राई ने कहा कि यह फैसला उसके उस अवलोकन के बाद लिया गया है, जिसमें पाया गया कि दूरसंचार कंपनियां अलग-अलग वैधता अवधि वाले वायस, एसएमएस और डेटा के एसटीवी तो उपलब्ध कराती हैं, लेकिन उसी अवधि के केवल वायस और एसएमएस वाले विकल्प हमेशा उपलब्ध नहीं होते।


