रांची: 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (Commonwealth Parliamentary Association) सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत झारखण्ड विधान सभा के सदस्य एवं सम्मेलन में पर्यवेक्षक मथुरा प्रसाद महतो एवं दशरथ गागराई मुंबई होते हुए आज राँची लौट आए। राँची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर आगमन के अवसर पर झारखण्ड विधान सभा की ओर से दोनों माननीय सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में 5 अक्टूबर से डॉक्टरों ने इन मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का किया ऐलान, 22 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार
इस अवसर पर झारखण्ड विधान सभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने हवाई अड्डे पर उपस्थित होकर पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों विधायकों का स्वागत किया. बता दें कि 69वाँ राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन 13 से 19 सितंबर 2026 तक केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका में आयोजित था। झारखण्ड राष्ट्रमंडल संसदीय संघ शाखा की ओर से अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने डेलीगेट के रूप में तथा विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं दशरथ गागराई ने ऑब्जर्वर के रूप में सम्मेलन में भाग लिया।
राँची लौटने पर विधायकों ने सम्मेलन को संसदीय अनुभवों एवं विचारों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रक्रियाओं को समझने और साझा करने के लिये यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है। सम्मेलन के दौरान हुए विचार-विमर्श से संसदीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, उत्तरदायी बनाने की दिशा में इस सम्मेलन से महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए ।


