चतरा/इटखोरी : इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित सेफ जोन अस्पताल में 50 वर्षीय मरीज अशोक राम की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान अस्पताल की खिड़की और दरवाजों के शीशे चकनाचूर कर दिए गए। परिजनों का आरोप है कि अशोक राम की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौजूद एक नर्स ने उन्हें इंजेक्शन लगाया।
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण केस में स्कॉर्पियो मालिक को हाईकोर्ट से मिली जमानत
इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद ही मरीज की मौत हो गई। आंखों के सामने मरीज को दम तोड़ते देख परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और जमकर हंगामा शुरू हो गया। परिजनों के मुताबिक, मरीज की हालत लगातार बिगड़ रही थी। ऐसे में उन्होंने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर करने का अनुरोध किया।
आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टर कुद्दुस के पिता रियाज मियां ने उन्हें रोकते हुए कहा कि “डॉक्टर साहब बस आ ही रहे हैं, थोड़ा समय दो, सब ठीक हो जाएगा।” परिजनों का कहना है कि इसके कुछ ही देर बाद अशोक राम की मौत हो गई।

