नई दिल्ली : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध एवं खनिज संपदा की कथित लूट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मुख्य सचिव एल. ख्यांग्ते गिरफ्तार, सीआईडी की बड़ी कार्रवाई
मुलाकात के दौरान सांसद ने गृह मंत्री को बताया कि JPSC एवं JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता तथा सीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच की निष्पक्षता और प्रभावशीलता को लेकर छात्रों एवं अभ्यर्थियों के बीच गंभीर सवाल हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की CBI से निष्पक्ष जांच कराना आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आए और प्रत्येक दोषी की जवाबदेही तय हो सके।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक भर्ती परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है। झारखंड की गिरती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने राज्य में बढ़ते संगठित अपराध, खनिज संपदा की बड़े पैमाने पर कथित लूट तथा हजारीबाग, रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार से संबंधित विषयों से गृह मंत्री को अवगत कराया। मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।


