क्राइम डेस्क : झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव में बीते दिनों भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मो. इमरोज की मौत मामले में एसपी अनिमेष नैथानी ने कार्रवाई की है. मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने दो सब-इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसपी की ओर से जारी निलंबन आदेश में इन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत सोरेन ने बड़े सुधार का दिया संकेत, कहा- छात्रों से संवाद को तैयार सरकार, पूरे झारखंड से मांगे जाएंगे सुझाव
जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें सुनील सिंह (एसआई, टंडवा थाना), दुलारी पूर्ति (महिला एसआई, टंडवा थाना), दशरथ महतो (आरक्षी) और प्रदीप कुमार (आरक्षी) शामिल हैं. निलंबित किए गए सभी चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से चतरा पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) से संबद्ध कर दिया गया है. इसके साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के भी औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं.
इधर घटना के बाद से ही आरोपियों की धड़पकड़ के लिए पुलिस क्षेत्र में सक्रियता से छापेमारी कर रही है. बड़गांव में मो. इमरोज पर भीड़ द्वारा किए गए हमले और उसकी हत्या के इस जघन्य मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक 11 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है.


