मुंबई : महाराष्ट्र में बारिश का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है. मुंबई में मंगलवार सुबह लोगों की नींद घने बादलों और तेज़ हवाओं के बीच खुली. मौसम विभाग ने शहर के लिए भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों और कॉलेजों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें : फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: प्री क्वार्टर फाइनल में हार अमेरिका और पुर्तगाल टूर्नामेंट से बाहर, अंतिम 8 में पहुंचा बेल्जियम व स्पेन
सोमवार को लगातार हुई बारिश से मुंबई और आसपास के ज़िलों में जनजीवन लगभग ठप नजर आया. कई सड़कें पानी में डूबी नजर आई तो वहीं पेड़ उखड़ गए और दीवारों तथा होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आईं. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बाइपास पर मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग सोमवार रात करीब 18 घंटे बंद रहने के बाद फिर से खोल दिया गया. भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से यह मार्ग बंद करना पड़ा था.
इधर पुणे ज़िले में भारी बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई. इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनकी जान भूस्खलन और दीवार गिरने की घटना में गई. वहीं दो अन्य लोग तेज़ बहाव में बह गए.


