न्यूज़ डेस्क : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर ज़िले के कन्निकैपेरे गांव में एक निजी सीफ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस के रिसाव से कई लोग बीमार हो गए हैं. तिरुवल्लूर के प्रभारी मंत्री आर कुमार ने पत्रकारों को बताया कि बीमार हुए सभी मज़दूर उत्तर भारत के राज्यों के हैं.
Highlights:
उन्होंने बताया, “इनमें 60 महिलाएं और 4 पुरुष हैं. इनमें से दो की मौत हो चुकी है.” हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि बीमारों के इलाज के लिए उच्च स्तरीय डॉक्टरों को बुलाया गया है और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय को हर दस मिनट में जानकारी दी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : जलपाईगुड़ी में सरकारी बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर, बच्चे समेत 4 की मौत, 30 घायल
दो शिफ़्टों में काम करते हैं कर्मचारी
बताया जा रहा है कि इस कंपनी में 200 से अधिक कर्मचारी दिन और रात की दो शिफ़्टों में काम करते हैं. रविवार सुबह, जब लगभग 120 लोग वहां काम कर रहे थे, तब अमोनिया गैस का रिसाव हुआ. इसके बाद कई लोगों को उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हुए और उन्हें तुरंत पास के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से बीमार लोगों को चेन्नई के स्टेनली अस्पताल में भेजा गया है.
न्यूज एजेंसी एएनआई ने तिरुवल्लूर जिला कलेक्टर के ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार NDRF के चौथी बटालियन के सीनियर कमांडेट अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशलाइज्ड केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) रेस्पॉन्स टीम को तत्काल घटनास्थल पर तैनात किया गया है.
NDRF की रेस्क्यू टीम फिलहाल घटनास्थल पर गैस लीक से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, अमोनिया गैस से प्रभावित स्थान को ढूंढने और गैस लीक से प्रभाव को आकलन लगाने और उसे निष्क्रिय करने में जुटी है. इसके साथ, रेस्क्यू टीम जिला प्रशासन के साथ मिलकर आसपास के लोगों की सुरक्षा और किसी बड़ी अनहोनी को रोकने की कोशिश में जुटी हुई है.




