न्यूज डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के बाद उनकी दिल्ली वापसी का कार्यक्रम तय है, लेकिन उनकी वापसी पूरी तरह मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगी। राष्ट्रपति पिछले पांच दिनों से शिमला के पास छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में ठहरी हुई थीं। हर साल गर्मियों के दौरान राष्ट्रपति यहां कुछ दिन बिताने पहुंचती हैं।
Highlights:
ARTRAC में कार्यक्रम में लिया हिस्सा
राष्ट्रपति ने शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण संस्थान (ARTRAC) में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सेना से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों और गतिविधियों पर चर्चा हुई। हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दिनों से लगातार खराब मौसम बना हुआ है। बारिश और बादलों के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है।
इसी वजह से राष्ट्रपति के 29 अप्रैल को प्रस्तावित अटल टनल, सिस्सू और 30 अप्रैल को सीएसके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दौरे रद्द करने पड़े थे।मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में राष्ट्रपति की दिल्ली वापसी भी मौसम साफ होने पर ही संभव हो पाएगी।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
कई रास्तों पर रोके गए वाहन
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही को देखते हुए शिमला शहर में करीब 45 मिनट तक ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे शहर के कई हिस्सों में लंबा जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी थी।
जानकारी के अनुसार अप्पर शिमला से राजधानी शिमला आने वाले वाहनों को छराबड़ा में रोका गया। वहीं सुन्नी और करसोग की तरफ से आने वाले वाहनों को मशोबरा बाइफरकेशन पर रोक दिया गया। इसके अलावा मशोबरा बाइफरकेशन से ढली चौक, समिट्री टनल, संजौली चौक और नवबहार चौक तक ट्रैफिक को कुछ समय के लिए बंद रखा गया था। ट्रैफिक बहाल होने के बाद सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।


