राँची । झारखण्ड सरकार ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचिकरण एवं मकानों की गणना) के लिए कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया है। जो 16 मई से 14 जून 2026 के बीच होना है। इस बार की जनगणना खास है क्योंकि इस बार आम नागरिकों के लिए डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आम नागरिकों की सुविधा के लिए सरकार ने एक विशेष वेब पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल के माध्यम से आप 1 मई से 15 मई के बीच स्वयं अपने परिवार और मकान की जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं।
Highlights:
राँची नगर निगम में अहम बैठक
जनगणना अभियान को सुगम और सफल बनाने के लिए 29 अप्रैल 2026 को राँची नगर निगम के सभागार में पूर्वाहन 11:30 बजे उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में संबंधित अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है ताकि जनगणना में किसी भी नागरिक को समस्या न हो।
स्व-गणना के लाभ:
1. आपको प्रगणक (Enumerator) के आने का इंतज़ार नहीं करना होगा।
2. आप स्वयं अपनी जानकारी बिना किसी गलती के दर्ज कर सकते हैं।
3. आपकी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
4. डेटा सबमिट करने के बाद आपको एक यूनिक स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे बाद में आने वाले प्रगणक को दिखाकर आप प्रक्रिया को तुरंत पूरा कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
स्व-गणना पोर्टल: 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक
डोर-टू-डोर गणना: 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक


