
रांची : राजधानी के नामकुम पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के हहाप पंचायत अंतर्गत हेसापीडी गांव में अवैध देशी शराब के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब सवा नौ हजार किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 400 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई।
Highlights:
टीम ने मौके पर ही सात अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही इस अवैध कारोबार में संलिप्त संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : बोकारो ट्रेजरी घोटाला मामले में एसपी कार्यालय का अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय गिरफ्तार
जमशेदपुर में दो नाबालिग को बनाया बंधक
इधर जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह हरिजन बस्ती में कब्रिस्तान के अंदर फुटबॉल लेने दीवार फांदकर घुसे दो नाबालिग को टेंट हाउस संचालक के बेटों ने चोरी का आरोप में बंधक बनाकर जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। मामला सामने आते ही बस्ती के लोगों कब्रिस्तान का ताला तोड़कर दोनों नाबालिगों को मुक्त कराकर इलाज के लिए टीएमएच भेजवाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई।
स्थानीय लोगों ने टेंट हाउस संचालक के बेटों को कमरे में बंद कर दिया। सूचना के बाद बिष्टुपुर थाना की पुलिस पहुंची और लोगों के चंगुल से दोनों लड़कों को छुड़ाकर थाना ले गई। वहीं घटना में घायल कुणाल सिंह (13) का दाहिना हाथ टूट गया और शरीर में अंदरुनी चोटें आई हैं। वहीं रणवीर मुखी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
इधर, रात नौ बजे के लगभग हरिजन मेडिकल बस्ती के लोग कार्रवाई की मांग पर विष्टुपुर थाना पहुंचे। जहां लिखित शिकायत के बाद कार्रवाई शुरू हुई। वहीं घटना के बाद धातकीडीह में बिष्टुपुर और सिदगोड़ा थानेदार समेत काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।