चतरा: मंगलवार देर रात जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिला पिकेट में पदस्थापित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुदकुशी कर लिए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात अचानक गोली चलने की आवाज सुन जब अन्य जवान मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने जवान प्रहलाद सिंह को मौके पर लहुलुहान पाया. आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली.
मृतक जवान की पहचान प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है. वह एसएसबी की 35वीं बटालियन में तैनात थे और मूल रूप से झारखंड के ही देवघर जिले के रहने वाले थे. इस घटना के बाद सुरक्षा महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और एसएसबी कमांडेंट मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अन्य जवानों से पूछताछ की.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है. वहीं पुलिस अधिकारी मामले के कारणों की जांच में जुट गए हैं कि आखिर प्रह्लाद सिंह के खुदकुशी की वजह पारिवारिक है या कुछ और. घटना की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है, उनके पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. घटनास्थल से जवान की सर्विस राइफल को भी कब्जे में लिया गया है.

