रांची: रांची में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय के अमीन गणेश महतो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2026 में रांची एसीबी का यह पांचवां ट्रैप केस बताया जा रहा है।
Highlights:
जमीन की नापी रिपोर्ट देने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
सिल्ली थाना क्षेत्र के लोवादाग गांव निवासी 65 वर्षीय बासुदेव महतो ने एसीबी को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनकी पुश्तैनी जमीन की नापी के लिए उन्होंने 16 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन किया था। अमीन गणेश महतो ने 10 फरवरी को जमीन की नापी तो कर दी, लेकिन नापी रिपोर्ट और नक्शा देने के बदले आठ हजार रुपये रिश्वत की मांग करने लगे। बासुदेव महतो रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने न्याय के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
सत्यापन के बाद 18 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम-2018 की धारा 7(ए) के तहत कांड संख्या 08/26 दर्ज किया गया। इसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप की कार्रवाई की। गुरुवार को जैसे ही परिवादी ने सिल्ली अंचल कार्यालय में अमीन को रिश्वत के आठ हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

